- फतेहाबाद : चरित्र संदेह में पति ने पत्नी को कैंची से गोदकर मौत के घाट उतारा | सच्चाईयाँ न्यूज़

सोमवार, 8 मई 2023

फतेहाबाद : चरित्र संदेह में पति ने पत्नी को कैंची से गोदकर मौत के घाट उतारा

फतेहाबाद, 07 मई। शहर के साथ लगते गांव बीघड़ में एक व्यक्ति द्वारा अपनी पत्नी पर कैंची से बेरहमी से वार कर उसकी हत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बताया जाता है कि हत्या के बाद आरोपी खुद सदर थाना फतेहाबाद पहुंचा और पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया।हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई वहीं सीन ऑफ क्राइम की टीम ने भी मौके पर जाकर जांच पड़ताल की। पुलिस ने मृतका का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस मामले में पुलिस ने मृतका के भाई की शिकायत पर मृतका के पति व उसके देवर के खिलाफ केस दर्ज किया है।

पुलिस को दी शिकायत में गांव कोल थाना ढांड निवासी रामा उर्फ सोनू ने कहा है कि उसकी बहन ममता की शादी करीब 12 साल पहले छिन्दा उर्फ सीना निवासी स्वामी नगर फतेहाबाद के साथ हुई थी। इनमें दो बच्चे 10 साल की लड़की व 7 साल का लड़का है। उसकी बहन ममता अब अपने दोनों बच्चों को दादा-दादी के पास छोड़कर गांव बीघड़ में रामचरण के घर किराये पर रह रही है।

शनिवार की रात करीब साढ़े 8 बजे उसे सूचना मिली कि ममता को उसके पति छिन्दा ने बीघड़ जाकर जान से मार दिया है। सूचना मिलते ही वह अपने परिवार के साथ गांव बीघड़ पहुंचा तो देखा कि वहां मकान में बनी लॉबी में खून बिखरा पड़ा था और बाथरूम में ममता का शव पड़ा था। उसके शरीर पर काफी चोटों के निशान थे। उसने आरोप लगाया कि ममता को उसके पति छिन्दा व उसके छोटे भाई सुनील ने मिलकर तेजधार हथियार से हमला कर बेरहमी से उसकी हत्या कर दी है।

रामा उर्फ सोनू ने कहा कि उसकी बहन ममता का अपने पति छिन्दा के साथ काफी समय से आपस में झगड़ा होता रहता था जिस कारण ममता बीघड़ में किराये का मकान लेकर सिलाई का काम करती थी। इसी रंजिश के चलते छिन्दा ने अपने भाई सुनील के साथ मिलकर ममता की हत्या की है। बताया जाता है कि छिन्दा अपनी पत्नी के चरित्र पर शक करता था। शनिवार रात को वह गांव बीघड़ पहुंचा और कैंची से वार करके ममता को मौत के घाट उतार दिया।


एक टिप्पणी भेजें

Whatsapp Button works on Mobile Device only

Start typing and press Enter to search

Do you have any doubts? chat with us on WhatsApp
Hello, How can I help you? ...
Click me to start the chat...