- मानसून का दिखने लगा असर, दिल्ली में छाए रहेंगे बादल; IMD का जारी हुआ अलर्ट | सच्चाईयाँ न्यूज़

शनिवार, 11 जून 2022

मानसून का दिखने लगा असर, दिल्ली में छाए रहेंगे बादल; IMD का जारी हुआ अलर्ट

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली व एनसीआर में लू के चलते तापमान बढ़ा हुआ है। लोग भीषण गर्मी से परेशान हैं। शनिवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। गर्जन वाले बादल बनने की भी संभावना है। लू चलने का पूर्वानुमान नहीं है। वहीं, देश के कई अन्य राज्यों में प्री मानसून ने दस्तक दे दी है। इसके चलते भीषण बारिश का अलर्ट जारी हुआ है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने शुक्रवार को कहा कि दक्षिण-पश्चिम मानसून सामान्य रूप से आगे बढ़ रहा है और यह अगले दो दिनों में महाराष्ट्र में प्रवेश करेगा। मौसम निगरानी एजेंसी ने अरुणाचल प्रदेश में अगले पांच दिनों के दौरान असम और मेघालय में भीषण बारिश की चेतावनी जारी की है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के वरिष्ठ विज्ञानी आरके जेनामणि ने कहा कि मानसून ने 29 मई को केरल तट को छुआ और 31 मई से 7 जून के बीच दक्षिण और मध्य अरब सागर, केरल, कर्नाटक और तमिलनाडु के कुछ हिस्सों से होते हुए पूरे पूर्वोत्तर भारत को कवर किया है। साथ ही उन्होंने कहा कि मानसून की प्रगति में कोई देरी नहीं है। इसके अगले दो दिनों में महाराष्ट्र और अगले दो दिनों में मुंबई तक पहुंचने की संभावना है। जेनामणि ने कहा कि अगले कुछ दिनों में अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में भारी बारिश की संभावना है। असम राज्य पिछले महीने बाढ़ की चपेट में आ गया था। तीव्र प्री-मानसून बारिश और बाढ़ ने राज्य के बुनियादी ढांचे को भारी नुकसान पहुंचाया, जिसमें पुल, सड़क और रेलवे ट्रैक प्रभावित हुए थे। यह पूछे जाने पर कि क्या मानसून सामान्य तारीख के आसपास दिल्ली-एनसीआर और उत्तर पश्चिम भारत के अन्य हिस्सों में पहुंच जाएगा। इस पर उन्होंने कहा कि अभी कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी। पिछले साल आइएमडी ने अनुमान लगाया था कि मानसून 27 जून की अपनी सामान्य तारीख से लगभग दो सप्ताह पहले दिल्ली पहुंचेगा।

एक टिप्पणी भेजें

Whatsapp Button works on Mobile Device only

Start typing and press Enter to search

Do you have any doubts? chat with us on WhatsApp
Hello, How can I help you? ...
Click me to start the chat...