गुरुवार, 23 फ़रवरी 2023

मेरठ में 20 लाख दहेज न मिलने पर रेलवे कर्मचारी ने शादी के एक दिन पहले बारात लाने से मना कर दिया। दूल्हे की इस डिमांड से वधू पक्ष सकते में आ गया। ऐसे में जिस समय दुल्हन को मंडप में दूल्हे संग फेरे लेने थे। उस वक्त दुल्हन हाथों में मेंहदी लगाए थाने में दूल्हे के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने पहुंची।
इंस्पेक्टर ब्रहमपुरी विष्णु कौशिक ने बताया कि साल 2021 में एक रुपए में रिश्ता तय हुआ था। 22 फरवरी को बारात आनी थी। मगर, दूल्हा बारात नहीं लाया। मामले में दूल्हे पक्ष के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।
ब्रहमपुरी थाना क्षेत्र की के माधवपुरम की रहने वाली नीतू की शादी 22 फरवरी को होनी थी। नीतू की शादी ईश्वर उर्फ हर्ष दबथुवा मेरठ से तय हुई थी। हर्ष दिल्ली में रेलवे में सरकारी नौकरी करता है। 21 फरवरी को शादी से पहले सगाई रस्म हुई। 22 फरवरी को प्रेम ग्रीन रिसोर्ट में नीतू के दूल्हे हर्ष की बारात आनी थी।
मगर, 21 फरवरी को दूल्हे ने रात 11 बजे दुल्हन को फोन कर 20 लाख रुपए के दहेज की मांग कर दी। ऐन वक्त पर दूल्हे की ये मांग वधू पक्ष को बड़ी अजीब लगी। दूल्हे ने साफ कह दिया कि शादी से पहले 20 लाख रुपए लाओ तभी बारात लेकर आऊंगा।
22 फरवरी को नीतू उसका परिवार दूल्हे पक्ष के फोन और बारात का इंतजार करता रहा। मगर, दूल्हे की तरफ से रिस्पांस नहीं आया। बल्कि दोपहर में दूल्हे के घरवालों ने दुल्हन के परिजनों की तरफ से मिली ऑल्टो कार और कुछ सामान भी वापस कर दिया।
दुल्हन के भाई आकाश ने बताया कि दूल्हा पक्ष को बार-बार समझाने के बाद भी वो नहीं माने। हम पैसे नहीं दे सकते थे तो उन्होंने रिश्ता तोड़ दिया। दुल्हन की मां कुसुम का कहना है कि सोने की चेन, अंगूठी व दूसरा जेवर अभी भी दूल्हे के घरवालों ने नहीं लौटाया है।
भाई आकाश ने बताया कि 2 साल पहले यह रिश्ता तय हुआ था। सब ठीक चल रहा था। लड़के वालों ने हमेशा कहा 1 रुपए में रिश्ता करेंगे। तब भी हर्ष सरकारी नौकरी में ही था। हमने अपनी तरफ से कुछ सामान और गाड़ी दी थी। लेकिन एक दिन पहले उन्होंने 20 लाख रुपए मांग लिए। रिश्ता तोड़ दिया। बेटी का अचानक रिश्ता टूटने से दुल्हन के पिता की अचानक तबीयत खराब हो गई। वह अस्पताल में भर्ती हैं।
मामले में दूल्हे के पिता महिपाल ने बताया कि लड़की वाले जबरन दहेज देना चाहते हैं, हमने दहेज से इंकार कर दिया इसलिए उन्होंने रिश्ता तोड़ दिया। महिपाल का आरोप है कि 22 फरवरी को लड़की पक्ष 30-40 लोगों को लेकर उनके घर सुबह 10 बजे आया और सामान उठाकर फेंकने लगा। इतना ही नहीं वधू पक्ष उनके घर से अपना सारा दिया हुआ सामान साथ में वर पक्ष का भी काफी सामान लेकर चला गया।
पिता महिपाल का कहना है कि हम आज भी लड़की से शादी करने को तैयार हैं, हमें दहेज नहीं चाहिए, वधू पक्ष ने जबरन कार दी, जबकि हमारे यहां कार खड़ी करने की जगह नहीं है, हमने कार लेने से इंकार कर दिया इसी बात पर उन्होंने रिश्ता तोड़ दिया।
नीतू अपनी मां कमला देवी के साथ ब्रहमपुरी थाना पहुंची। जहां मां कमला देवी ने दूल्हा पक्ष के खिलाफ दहेज और जान से मारने की धमकी देने की तहरीर दी है। इंस्पेक्टर ब्रहमपुरी विष्णु कौशिक ने दूल्हे हर्ष के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज किया है।
एक टिप्पणी भेजें