रविवार, 26 फ़रवरी 2023

मेरठ में घर के बाहर खड़ी किशोरी के साथ छेड़छाड़ के बाद अपहरण के प्रयास का मामला सामने आया है। अपहरण के प्रयास में विफल मनचलों ने पीड़िता और उसके परिवार वालों के साथ जमकर मारपीट करते हुए जान से मारने की धमकी दी है। वहीं पुलिस ने पीड़िता को उपचार के लिए अस्पताल भेज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
मामला लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र स्थित एक कॉलोनी का है। जहां मनचलों ने घर के बाहर खड़ी एक किशोरी के साथ छेड़छाड़ कर दी। इस दौरान पीड़िता ने आरोपियों का विरोध किया तो आरोपी दिनदहाड़े पीड़िता का अपहरण कर ले जाने लगे। शोर सुनकर पीड़ित किशोरी के परिवार वाले आरोपियों से किशोरी को बचाने पहुंचे तो आरोपियों ने पीड़िता सहित उसके परिवार वालों के साथ जमकर मारपीट कर दी।
इस दौरान पीड़िता और उसके परिवार वाले घायल हो गए। मामले की जानकारी लिसाड़ी गेट पुलिस को दी गई तो पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेज कर आरोपी मनचलों की तलाश शुरू कर दी है। लिसाड़ी गेट क्षेत्र में मनचलों का आतंक आए दिन बढ़ता जा रहा है। मनचलों की हरकत से कॉलोनी वासियों में दहशत का माहौल है।
कॉलोनी के ही रहने वाले एक व्यक्ति ने बताया कि कॉलोनी में छेड़छाड़ जैसी घटनाएं तो आम हो चुकी हैं। आरोपी दूर-दूर से आकर कॉलोनी में छेड़छाड़ व अन्य घटनाओं को अंजाम देते हैं। मामले की शिकायत पुलिस से करते हैं तो पुलिस आरोपियों के खिलाफ मामूली सी कार्रवाई कर चौकी से ही छोड़ देती है। इसी कारण अपराधियों के हौसले बुलंद हैं।
पीड़ित किशोरी दसवीं क्लास की छात्रा है। वह पास ही एक प्राइवेट स्कूल में पढ़ती है। पीड़ित छात्रा का आरोप है कि मनचले काफी समय से उसे परेशान भी कर रहे थे। स्कूल आते जाते समय भी उसका पीछा करते थे। मामले की जानकारी छात्रा ने परिवार वालों को इसलिए नहीं दी थी क्योंकि जानकारी मिलने पर छात्रा के परिवार वाले उसकी पढ़ाई रोक सकते थे।
एक टिप्पणी भेजें