- Italy Flood: इटली में जानलेवा हुई बाढ़, अब तक 9 की मौत, 5000 से ज्यादा कृषि फॉर्म पानी में डूबे | सच्चाईयाँ न्यूज़

गुरुवार, 18 मई 2023

Italy Flood: इटली में जानलेवा हुई बाढ़, अब तक 9 की मौत, 5000 से ज्यादा कृषि फॉर्म पानी में डूबे

 Italy Flood : इटली में भारी बारिश के बाद आई बाढ़ ने बड़े पैमाने पर तबाही मचाई है। बाढ़ में मरने वालों की संख्या बढ़कर नौ हो गई है। सड़कों और खेतों में पानी भर गया है।

बारिश एवं बाढ़ से सबसे ज्यादा तबाही देश के उत्तरी इलाके एमिलिया-रोमाग्ना इलाके में हुई है। यहां 5000 से ज्यादा कृषि फॉर्म पानी में डूब गए हैं। इस बाढ़ से इटली की 'फ्रूट वैली' को भी भारी नुकसान पहुंचा है।

मई के शुरुआत में भी बाढ़ आई थी


समझा जाता है कि सरकार अगले सप्ताह एमिलिया-रोमाग्ना को इस आपदा से राहत पहुंचाने के लिए 20 मिलियन यूरो की आर्थिक मदद जारी कर सकती है। मई के शुरुआत में भी यहां बाढ़ आई थी। तब सरकार ने इस क्षेत्र के लिए 10 मिलियन यूरो की आर्थिक सहायता दी थी।

फार्मूला वन रेस रद्द

बाढ़ का प्रकोप इतना ज्यादा है कि इस सप्ताहांत होने वाली एमीलिया-रोमाग्ना ग्रां प्री फार्मूला वन रेस को रद्द कर दिया गया। फार्मूला वन (एफवन) ने कहा कि उन्होंने इटली के नेताओं से सलाह मशविरे के बाद सुरक्षा कारणों और आपात सेवाओं पर अतिरिक्त बोझ डालने से बचने के लिए यह फैसला किया है। एफवन ने बयान में कहा, 'यह फैसला किया गया क्योंकि हमारे प्रशंसकों, टीम और कर्मचारियों के लिए प्रतियोगिता का सुरक्षित आयोजन संभव नहीं था और क्षेत्र के नगर और शहर जिस स्थिति का सामना कर रहे हैं उसे देखते हुए यह सही और जिम्मेदारी भरी चीज है।'

पानी और कीचड़ से भर गए हैं घर

रावेन्ना के समीप कैस्टल बोलोग्नीज कस्बे के निवासियों का बुरा हाल है। उनके घर पानी और कीचड़ से भर गए हैं। दुकानदार एनरिको रोटोनी ने कहा कि यह सब देखना बहुत ही भयानक है। बहुत सारी चीजें बर्बाद हो गई हैं लेकिन हमें आगे बढ़ने की जरूरत है।

एक टिप्पणी भेजें

Whatsapp Button works on Mobile Device only

Start typing and press Enter to search