मवाना-फलावदा थाना क्षेत्र के गांव गगसोना में पुरानी रंजिश के चलते दो पक्षों में पथराव हो गया। इस दौरान फायरिंग भी हुई। पथराव और फायरिंग की घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।पुलिस ने अपनी तरफ से पांच नामजद एवं दोनों पक्ष के सात-सात अज्ञात लोगों के खिलाफ संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज कर पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया हैं। उधर, पुलिस इस घटना को छुपाए रही। पुलिस ने सोमवार को इस मामले में कार्रवाई की।
गगसोना गांव में वकील व महताब के परिवार की फैजू हकीमुल्ला परिवार से काफी पुरानी रंजिश चल रही है। पहले भी कई बार दोनों पक्षों में विवाद हो चुका है। रविवार दोपहर करीब तीन बजे फैज हकीमुल्ला परिवार के कई लोगों ने जान से मारने की नियत से वकील व महताब के मकानों पर तमंचो से सात फायर किए और पथराव किया जिससे मकान के दरवाजे एवं अंदर रखे घरेलू सामान टूट गए। घटना के समय मकान में केवल महिलाएं मौजूद थी। सभी महिलाओं को मामूली चोटें आई। बाकी सब परिवार के लोग मेरठ रिश्तेदार में गये हुए थे। पथराव की घटना से मोहल्ले के लोगों में दहशत पैदा हो गई तथा मुख्य मार्ग और मकान की छत पर ईंट पत्थर पड़े हुए थे। आरोप है कि एक पक्ष ने तमंचों से सात-आठ फायर भी किए।
ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची डायल 112 पुलिस एवं थाने की पुलिस को पहुंचते देख सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। पथराव व फायरिंग की घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे की फुटेज के आधार पर घटना के संबंध में अपनी तरफ से पांच नामजद एवं दोनों पक्ष के सात- सात अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने रियाज, महताब, हनीस, सुवैब, वकील को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि सोमवार को घटना के संबंध में दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ कानूनी कार्रवाई के लिए कई लोगों को नामजद करते हुए तहरीर दी है।
हलका इंचार्ज दरोगा उदय भान का कहना है कि एक पक्ष फैजू हकीमुल्लाह एवं दूसरे पक्ष के वकील व महताब के बीच एक मकान के विवाद को लेकर पिछले काफी दिनों से रंजिश चल रही है। वकील व महताब पक्ष के लोग घटना के समय कहीं बाहर गए थे। दोनों मकानों में केवल महिलाएं मौजूद थी। पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ दर्ज रिपोर्ट के अनुसार कार्रवाई शुरू कर दी है।
एक टिप्पणी भेजें