शहर से देहात तक रविवार सुबह हवा चलने से दिन में ठिठुरन बढ़ गई। शाम होते ही ठंड का असर तेज हो गया। इससे दिन का तापमान गिर गया। वहीं, हवा चलने से प्रदूषण का स्तर कम हो गया। एक्यूआई 239 दर्ज किया गया।
वेस्ट यूपी में ठंड का असर लगातार बढ़ रहा है। बढ़ती ठंड के साथ रात भी सर्द हो रही है। दिसंबर में रविवार का दिन सबसे ठंडा रहा। दिन का अधिकतम पारा 23 डिग्री के पास पहुंच गया। शनिवार को अधिकतम तापमान 23.3 डिग्री सेल्सियस था। सुबह से लेकर शाम तक तेज हवा से ठिठुरन बढ़ती रही। मौसम कार्यालय पर दिन का अधिकतम तापमान 23.3 डिग्री व रात का न्यूनतम तापमान 10.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
इस हवा से एक्यूआई 274 से गिरकर 239 पर आ गया, जबकि शहर में जयभीमनगर में 220, गंगानगर में 224, पल्लवपुरम में 274, दिल्ली रोड में 270, बेगमपुल 290 दर्ज किया गया। सरदार वल्लभ भाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डाॅ. यूपी शाही का कहना है कि आगे भी हवा चलने से मौसम ठंडा होगा और दिन के तापमान में गिरावट आएगी। हवा में नमी बढ़ती जा रही है। हवा से प्रदूषण में कमी आएगी और दिन रात में मौसम ठंडा होगा। हवा के दिन भर चलने के चलते दिसंबर में रविवार सबसे सर्द रहा है।
मोदीपुरम हाईवे स्थित पेट्रोल पंप पर पावली खास गांव निवासी बंटी प्रजापति की हत्या उसके अपने दोस्तों ने ही की थी। वारदात के बाद से दोनों दोस्त बबलू और संदीप गांव से फरार हैं। रविवार को परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने दोनों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। दोनों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र के पावलीखास निवासी दुर्गाप्रसाद प्रजापति का बेटा बंटी प्रजापति शुक्रवार शाम को गांव से मोदीपुरम आया था। शराब पीने के दौरान बंद पड़े पेट्रोल पंप पर मारपीट के बाद उसकी सर पर वार करके हत्या कर दी गई थी। इस मामले में रविवार को मृतक के भाई जोनी ने गांव के ही बबलू पुत्र बलधारी, और संदीप पुत्र सुंदर के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज करा दी। जोनी ने बताया कि बबलू और संदीप दोनों बंटी के दोस्त थे। दोनों हत्या वाले दिन उसके साथ थे।
शराब पिलाने के बाद दोनों ने सर पर चोट मारकर उसकी हत्या कर दी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सर की हड्डी टूटी आई थी। जोनी ने बताया कि आरोपी संदीप के पास जो मोबाइल था, वो हत्या के बाद से ही बंद है। जिसके चलते परिजनों को उस पर शक हुआ। उसके मोबाइल की आखिरी लोकेशन मोदीपुरम में मिली है। एसपी सिटी पीयूष कुमार सिंह ने बताया कि हत्यारोपियों की गिरफ्तारी को दबिश दी जा रही है।
एक टिप्पणी भेजें