- मेरठ:गन्ने के खेत में मिला मानव कंकाल:लापता व्यक्ति का माना रहा कंकाल | दैनिक सच्चाईयाँ

गुरुवार, 11 मई 2023

मेरठ:गन्ने के खेत में मिला मानव कंकाल:लापता व्यक्ति का माना रहा कंकाल

 मेरठ के सरधना थाना क्षेत्र में गन्ने के खेत में एक कंकाल मिलने से हड़कंप मच गया। कंकाल की खोपड़ी गायब है। वहीं कंकाल के पास से सल्फास के पाउच और ब्लेड मिला है। माना जा रहा है कि कंकाल इलाके से पिछले 9 दिन से गायब व्यक्ति करवमीर उर्फ करमू का है। सूचना पर पहुंची थाना पुलिस कंकाल को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी कर रही है। लापता करमवीर के परिवार से भी पुलिस पूछताछ की जा रही है।

सरधना के गांव महादेव में करमवीर उर्फ करमू पुत्र महावीर 1 मई की शाम से लापता है। करमवीर के लापता होने की सूचना 2 मई को परिजनों ने थाने में दी और रिपोर्ट दर्ज कराई। उसके बाद पुलिस करमवीर को मोबाइल लोकेशन के आधार पर तलाश कर रही थी। लेकिन वो नहीं मिला। बुधवार दोपहर 3 बजे पुलिस को गन्ने के खेत में कंकाल मिलने की सूचना मिली है। कंकाल के पास लापता करमवीर का मोबाइल, कपड़े और सल्फास के पाउच मिले हैं। कपड़ों और मेाबाइल के आधार पर पुलिस इस कंकाल को लापता करमवीर का मानकर चल रही है। बताया जा रहा है कि करमवीर पर ग्रामीणों का 5 से 10 लाख रुपया कर्ज था। इसके कारण शायद उसने सुसाइड कर लिया है।

सरधना निवासी करमवीर उम्र 48 साल मजदूरी करता और ओमपाल से बटाई पर खेत ले रखा था। बुधवार को करमवीर का साथी मजदूर मोहित कुछ महिलाएं इसी खेत में गन्ने की छिलाई करने जा रही थी। मोहित ने पुलिस को बताया कि वो खेत में जा रहा था तो गन्नों के बीच बदबू आई। थोडा़ आगे जाकर उसे करमवीर का पेंट दिखा। आगे गया तो खेत में कंकाल मिला। कंकाल के पास एक पन्नी में सल्फास के पाउच, ब्लेड पड़े थे। करमवीर की शर्ट पड़ी थी। वहीं पास में उसका मोबाइल भी पड़ा था। तुरंत पुलिस को सूचना दी।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके पर आकर कंकाल को कब्जे में ले लिया। देखा तो कंकाल की खोपड़ी गायब है। माना जा रहा है कि जंगली जानवरों ने कंकाल का सिर खा लिया होगा। करमवीर के परिजनों को इसकी सूचना दी गई। करमवीर की पत्नी मधु ने बताया कि 1 मई की शाम से पति करमवीर गायब है। 2 मई को उसने थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट कराई थी।

पुलिस तभी से करमवीर को खोज रही थी। 6 मई को उसके मोबाइल की लोकेशन गांव के शिव मंदिर के पास मिली थी। इसके बाद से मोबाइल बंद जा रहा था। आज मोबाइल खेत में ही मिला है। करमवीर के 1 बेटा अजय, बेटी रजनी, अविका है। करमवीर का छोटा भाई देवेंद्र हैं। बताया जा रहा है कि करमवीर पर गांव वालों के 5 से 10 लाख रुपया का कर्ज था। माना जा रहा है इसी कर्ज चुकाने के तनाव में करमवीर ने आत्महत्या कर ली हो।इंस्पेक्टर रमाकांत पचौरी का कहना है कि खेत में कंकाल मिला है। पास में कपड़े भी मिले हैं। सल्फास खाने के कारण कंकाल बन सकता है बाकी जांच की जा रही है।

एक टिप्पणी भेजें

Whatsapp Button works on Mobile Device only

Start typing and press Enter to search