रविवार, 25 जून 2023

मिशन 2024 को लेकर भाजपा ने पश्चिमी यूपी में तैयारियां शुरू कर दी हैं। पश्चिमी यूपी को मथने के लिए शनिवार को केंद्रीय मंत्री अश्वनी वैष्णव सहारनपुर पहुंचे। मेरठ के भामाशाह पार्क में रविवार को उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य आएंगे।
हालांकि केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी को भी आना था, लेकिन उनका कार्यक्रम रद हो गया। डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य आज पहले शामली जाएंगे, फिर मेरठ आएंगे और इसके बाद गाजियाबाद जाएंगे। नोएडा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रहेंगे। इनके बाद पश्चिमी यूपी के अलग-अलग जिलों में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी समेत अन्य दिग्गज नेता पहुंचेंगे।
भाजपा के दिग्गजों ने वेस्ट यूपी के विभिन्न जिलों में दौरे शुरू कर दिए हैं। भामाशाह पार्क मेरठ में आज उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य जनसभा को संबोधित करेंगे। क्रांतिधरा पर आने के पहले वह शामली जाएंगे। इसके बाद गाजियाबाद जाएंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज नोएडा जाएंगे। हालांकि पार्टी नेता चाहते हैं कि उनकी सभा गाजियाबाद और बागपत में भी हो। माना जा रहा है जल्द इनकी तिथियां भी तय होंगी। 30 जून को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह का बिजनौर दौरा और 28 जून को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी का मुजफ्फरनगर दौरा प्रस्तावित है।
बिजनौर के साथ सहारनपुर में केंद्रीय रेलमंत्री अश्वनी वैष्णव की सक्रियता बढ़ी है। शनिवार को केंद्रीय रेल मंत्री अश्वनी वैष्णव सहारनपुर पहुंचे। बिजनौर की जिम्मेदारी उनके पास पहले से है। पार्टी के क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी गजेंद्र शर्मा का कहना है कि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी के फाइनल कार्यक्रम आने का इंतजार है।
सर्किट हाउस में पत्रकारों से बातचीत में सांसद राजेन्द्र अग्रवाल ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में नौ साल पूरे होने को लेकर महासंपर्क अभियान का कार्यक्रम चल रहा है। 25 जून को मेरठ के ऐतिहासिक भामाशाह पार्क में भाजपा की ओर से जनसभा हो रही है। मेरठ-हापुड़ लोकसभा की इस रैली को उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य संबोधित करेंगे। बताया कि उपमुख्यमंत्री केंद्र सरकार के नौ वर्ष पूर्ण होने पर विकास कार्य योजनाओं के बारे में बताएंगे।
एक टिप्पणी भेजें