- जनसंख्या 142 करोड़ के पार,भारत दुनिया में सबसे ज्यादा आबादी वाला देश बना | दैनिक सच्चाईयाँ

बुधवार, 19 अप्रैल 2023

जनसंख्या 142 करोड़ के पार,भारत दुनिया में सबसे ज्यादा आबादी वाला देश बना

 भारत दुनिया में अब सबसे ज्यादा आबादी वाला देश बन गया है। यूनाइटेड नेशंस पॉपुलेशन फंड की रिपोर्ट के मुताबिक अब भारत की जनसंख्या 142 करोड़ 86 लाख है। वहीं चीन की जनसंख्या 142 करोड़ 57 लाख है। यानी हमारी आबादी चीन से करीब 30 लाख ज्यादा है।2023 की शुरुआत में ही ग्लोबल एक्सपर्ट्स ने अनुमान लगाया था कि इस साल भारत सबसे ज्यादा जनसंख्या वाला देश बन जाएगा। यूनाइटेड नेशंस 1950 से दुनिया में आबादी से जुड़ा डेटा जारी कर रहा है। तब से यह पहला मौका है जब भारत की आबादी चीन से ज्यादा हुई है। उधर चीन में जन्म दर गिर रही है। 2022 में चीन की जन्म दर प्रति हजार लोगों पर 6.77 थी, जबकि 2021 में ये 7.52 थी। 1949 के बाद यह पहली बार था जब चीन में जन्म दर में गिरावट आई।चीन में एवरेज लाइफ एक्सपेक्टेन्सी (जीवित रहने की संभावना) भारत से बेहतर है। चीन में पुरुषों की औसत उम्र 76 साल और महिलाओं की औसत उम्र 82 साल है। वहीं भारत में पुरुषों की औसत उम्र 74 साल और महिलाओं की औसत उम्र सिर्फ 71 साल है।यूनाइटेड नेशंस पॉपुलेशन फंड  इंडिया के प्रतिनिधि ने कहा कि भारत एक शक्तिशाली देश है। शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता और आर्थिक विकास के मामले में यह लगातार आगे बढ़ रहा है। हम तकनीकी मामले में हर रोज नए-नए रिकॉर्ड्स बना रहे हैं।

चीन में 65 साल से ज्यादा उम्र वाले भारत से दोगुने

भारत में 14 साल तक की उम्र वाली 25प्रतिशत  यानी करीब 35 करोड़ आबादी है। चीन में यह आंकड़ा 17प्रतिशत यानी 24 करोड़ है।

भारत में 15 से 64 साल उम्र वाले 68प्रतिशत यानी करीब 97 करोड़ लोग हैं। चीन में यह आंकड़ा 69प्रतिशत यानी 98 करोड़ है।

भारत में 65 साल से ज्यादा उम्र के 7प्रतिशत यानी करीब 10 करोड़ लोग हैं। वहीं, चीन में यह आंकड़ा 14प्रतिशत  यानी करीब 20 करोड़ है।

आंकड़े जारी करने के बाद यूनाइटेड नेशंस पॉपुलेशन फंड  की मीडिया ए़डवाइजर एना जेफरीज ने कहा- ये साफ नहीं है कि भारत की जनसंख्या चीन से कब आगे निकली। दोनों देशों के आंकड़े जारी करने के समय में काफी अंतर है तो इसका अनुमान लगाना मुश्किल है। हम यही बता सकते हैं कि चीन की जनसंख्या पिछले साल पीक पर थी जिसके बाद इसमें साढ़े 8 लाख की गिरावट आई थी। वहीं इसके उलट भारत में पॉपुलेशन लगातार बढ़ रही है।


एक टिप्पणी भेजें

Whatsapp Button works on Mobile Device only

Start typing and press Enter to search