ग्रेटर नोएडा वेस्ट के शाहबेरी स्थित एक अपार्टमेंट से 14 साल की एक लड़की के अपहरण की खबर से हड़कंप मच गया। एक पॉश इलाके से दिनदहाड़े इस तरह अपहरण की खबर ने पुलिस को भी सकते में ला दिया।तुरंत ऐक्शन में आई पुलिस ने लड़की को बरामद कर लिया। अपने साथ बच्ची को स्कूटी से ले जाने वाले आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया है। लेकिन पूछताछ में जो बातें सामने आईं उसने हैरानी और ज्यादा बढ़ा दी। पता चला कि लड़की ने ही उस लड़के को फोन करके बुलाया था और दोनों फरार हो गए। ऑनलाइन गेम खेलते हुए दोनों के बीच दोस्ती हुई थी और बात यहां तक पहुंच गई।
पुलिस ने बताया कि लड़की पश्चिम बंगाल की रहने वाली है और इन दिनों अपने पिता के साथ चाचा के घर घूमने आई थी। उसके चाचा ग्रेटर नोएडा स्थित क्रॉउन अपार्टमेंट में रहते हैं। पूछताछ में लड़की ने बताया कि दो साल पहले फ्री फायर गेम खेलते समय उसकी दोस्ती बिहार के एक लड़के से हो गई, जो गुरुग्राम में रहता है। दोनों की फोन पर बातचीत होती थी। लड़की बंगाल से नोएडा आई तो उसने रविवार को लड़के को फोन करके नोएडा बुला लिया। गुरुग्राम के सेक्टर 49 में रहने वाला लड़का अपनी चचेरी बहन के साथ नोएडा पहुंचा। यहां तीनों मिले, बातचीत की और फिर स्कूटी पर बैठकर गुरुग्राम चले गए। काफी देर तक जब लड़की घर नहीं आई तो उसके पिता ने पुलिस को अपहरण की शिकायत दी।
पुलिस ने आरोपी युवक और उसकी चचेरी बहन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने बताया कि 21 मई को थाना बिसरख क्षेत्र में 14 साल की एक लड़की के गायब होने की सूचना मिली थी। केस दर्ज करके पुलिस मौके पर पहुंची और पड़ताल शुरू की गई। सीसीटीवी कैमरों और आसपास के लोगों दुकानदारों से बातचीत करके सबूत जुटाए गए। लड़की को बरामद करने के लिए डीसीपी सेंट्रल जोन की निगरानी में 2 टीमों का गठन किया गया। इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और मैनुअल इंटेलिजेंस की मदद से लड़की को उसके साथी लड़के के साथ गुरुग्राम से बरामद कर लिया गया है।
पिता ने क्या कहा था
लड़की के पिता ने पुलिस से कहा था कि उनकी बेटी का अपहरण कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि किडनैपर ने फोन करके कहा है कि उनकी बेटी उसके कब्जे में है। पिता के मुताबिक उन्होंने बेटी की रोने की आवाज सुनी थी।सीसीटीवी फुटेज से पता चला है कि एक लाल रंग की स्कूटी पर सवार महिला और युवक लड़की को बिठाकर कर अपने साथ ले गए हैं।
एक टिप्पणी भेजें